दक्षिण जिला पुलिस वसंतकुंज स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल में पहली कक्षा के छात्र देवांश की डूबने से हुई मौत मामले में एम्स के पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से सेकंड ओपिनियन(दूसरी बार राय) लेगी।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीएफएसएल से विसरा व अन्य सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद सेकंड ओपिनियन ली जाएगी।
इस मामले में स्कूल स्टाफ, शिक्षकों व छात्रों से बार-बार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में ये बात सामने आई कि देवांश को स्कूल में छिपने की आदत थी।
पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड से सेकंड ओपिनियन ली जाएगी
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार एम्स केमेडिकल बोर्ड से मिले देवांश के विसरा व अन्य सैंपल को सोमवार को सीबीआई की सीएफएसएल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया।
सीएफएसएल से जल्द ही रिपोर्ट देने का आग्रह किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद देवांश के शव का पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड से सेकंड ओपिनियन ली जाएगी।
इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का ये भी कहना है कि देवांश मौत मामले में हर कोण से तफ्तीश की जा रही है। किसी भी कोण को छोड़ा नहीं जा रही है। फिलहाल पुलिस एफआईआर में कोई और धारा नहीं जोडने जा रही है।
देवांश क्लास से जाकर छिप गया था
स्कूल के ज्यादातर स्टाफ से पूछताछ हो चुकी है। शिक्षक, प्रिंसीपल व स्टाफ से कई बार पूछताछ की गई है। स्कूल प्रिंसीपल संध्या साबू से करीब तीन बार पूछताछ की गई है।
हालांकि मौत की मौत के समय वह अपने कमरे में बैठी हुई थीं। जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रों व स्कूल स्टाफ से पूछताछ में ये बात सामने आई है कि देवांश को स्कूल में छिपने की आदत थी।
पूछताछ में कई छात्र व शिक्षकों ने ये बात बताई है। पूछताछ में ये भी बात सामने आई है कि हादसे से कुछ समय पहले भी देवांश क्लास से जाकर छिप गया था, मगर कुछ समय बाद वह क्लास में आ गया था।