संयुक्त अरब अमीरात से निर्वासित आईएसआईएस के तीन आतंकियों की पुलिस रिमांड विशेष अदालत ने मंगलवार को दस दिनों के लिए बढ़ा दी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपियों कर्नाटका निवासी अदनान हुसैन, थाणे महाराष्ट्र के मोहम्मद फरहान और जम्मू-कश्मीर निवासी शेख अजहर अल इस्लाम को दस दिन की रिमांड पूरी होने के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया।
एजेंसी ने कहा कि देश-विदेश में प्रवासी और अप्रवासी भारतीयों की भर्ती समेत आईएस की गतिविधियों की साजिश का खुलासा करने के लिए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करना जरूरी है।
जिला न्यायाधीश अमर नाथ ने एजेंसी का अनुरोध स्वीकार करते हुए आरोपियों से पूछताछ के लिए 19 फरवरी तक रिमांड दिया है। हालांकि एजेंसी ने बारह दिनों का रिमांड मांगा था।