बिगड़ैल रईसजादों ने आधी रात को जमकर उत्पात मचाया। शराब के नशे में धुत युवकों ने कपड़े निकाल कर डांस किया और विरोध करने पर गृह मंत्रालय के अफसर और उनकी पत्नी से मारपीट कर दी। पुलिस आने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। गृह मंत्रालय के अधिकारी की तहरीर पर दो युवकों को नामजद कर पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विजयनगर थाना क्षेत्र में यश होम्स-सेकेंड, यूनिवन रेजिडेंसी फेज-2 बहरामपुर निवासी श्रीकांत कुमार गृह मंत्रालय दिल्ली में सहायक अनुभाग अधिकारी हैं। पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे उनके फ्लैट के नीचे एक लाल रंग की बड़ी कार आकर रुकी। कार में से छह युवक निकले, जिनमें से दो को वह जानते थे। यह दोनों सागर गुर्जर और उसका भाई गौरव गुर्जर थे। आरोप है कि उक्त छह युवकों ने शराब पी हुई थी। उन्होंने कार की खिड़कियां खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं सभी युवक अपनी शर्ट और बनियान उतार कर डांस करने लगे।
मना करने पर नहीं माने, शुरू कर दी मारपीट...
श्रीकांत कुमार का कहना है कि उन्होंने फ्लैट से नीचे आकर गार्ड वीरेंद्र से बिल्डिंग के एडमिन गौरव धवन को बुलाने के लिए कहा। साथ ही देर रात का हवाला देते हुए युवकों से चले जाने का आग्रह किया। आरोप है कि बिल्डिंग के एडमिन के आने से पहले सागर गुर्जर और उसके भाई गौरव गुर्जर ने उनके व उनकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने दोनों पर लात और मुक्के बरसाए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी बिल्डिंग एडमिन के आने पर उक्त लोग मौके से फरार हो गए।
आरोपियों ने बंद कर लिए मोबाइल, घर पर मिली महिलाएं...
श्रीकांत कुमार का कहना है कि उन्होंने यूपी-112 पर कॉल की तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोन मिलाने पर आरोपियों के मोबाइल स्विच ऑफ मिले। पुलिस उनके घर गई तो वहां सिर्फ महिलाएं मिलीं। सभी पुरुष घर से भाग चुके थे। श्रीकांत का कहना है कि दोनों आरोपी भाई उनके पड़ोसी हैं और आशीष पांडेय नाम के व्यक्ति के फ्लैट में किराए पर रहते हैं। आशीष पांडेय को फोन करने पर उन्होंने नींद का हवाला दिया और सुबह चर्चा करने की बात कही।