नई दिल्ली में अगर 28 नवंबर को कमला नगर में कैश वैन से डेढ़ करोड़ रुपये की लूट की वारदात नहीं होती तो शायद सरिता विहार में हुई बहन-भाई की हत्या की गुत्थी नहीं सुलझती। पुलिस ने बहन-भाई की हत्या के आरोप में चाचा और उसके भतीजे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, चार कारतूस और चोरी की मोटर साइकिल बरामद की है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार, कमला नगर में डेढ़ करोड़ की लूट की जांच शाखा में तैनात इंस्पेक्टर पीसी यादव की टीम कर रही थी। टीम को सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल आरोपी प्रदीप कुमार वर्मा उर्फ सोनू अपने साथी के साथ चोरी की बाइक से सेक्टर-1 द्वारका आएगा।
टीम ने वहां घेराबंदी कर प्रदीप कुमार वर्मा (30) और उसके चाचा सुरेश कुमार वर्मा (52) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रदीप वर्मा मै. साईं टूर एंड ट्रैवल्स के कैशियर से वर्ष 2012 में हुई लूट में शामिल रह चुका है। उस वारदात में प्रदीप गिरफ्तार हुआ था और जून, 2014 में जेल से बाहर आया था। वह कैश वैन को लूटने की साजिश रच रहा था। इसके लिए उसने हथियारों का इंतजाम कर लिया था और मोटर साइकिल भी चुरा ली थी।