कोर्ट का आदेश है कि फुटपाथ पर रेहड़ी पटरी न लगाई जाएं। अगर ऐसा होता है तो प्रशासनिक अधिकारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लेकिन अट्टा मार्केट में खुलेआम रेहड़ी-पटरी लगाई जा रही हैं। ऐसा नहीं है कि प्रशासन को इसकी खबर नहीं है। मगर हर बार प्रशासन चोरी छुपे रेहड़ी लगाने की बात कह कर पल्ला झाड़ लेता है। ये हाल तब है जब अट्टा मार्केट में ही पुलिस पिकेट बनी हुई है। हालांकि इसमें कोई पुलिसकर्मी नहीं बैठता है। बुधवार को दोपहर सवा दो बजे कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद भी आधे से ज्यादा बाजार खुला हुआ था। रेहड़ी पटरी वालों ने फुटपाथ पर कब्जा जमाया हुआ था।
चौकी बनी पिकेट
कुछ साल पहले अट्टा मार्केट में व्यापारी को गोली लगने की घटना के बाद लोगों की सुरक्षा के लिए मार्केट में पुलिस पिकेट बनाई थी। लेकिन अब इसमें कोई पुलिसकर्मी नहीं बैठता है। इसी वजह से रिक्शा चालाक और अन्य लोग दोपहर में आकर यहां पर सो जाते हैं। बुधवार दोपहर 2:15 मिनट पर कुछ लोग पिकेट के पास सो रहे थे। अट्टा मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सीबी झा ने बताया कि मार्केट में गोली चलने की घटना होने के बाद पुलिस पिकेट बनाई गई थी। व्यापारियों ने उसमें एसी भी लगवाया था, लेकिन कोई पुलिस कर्मी इसमें नहीं बैठता है।
राजनीतिक दबाव कार्रवाई पर भारी
लोगों के मुुुुताबिक जब कभी पुलिस कर्मी रेहड़ी वालों को हटाने के लिए आते हैं, तो तुरंत पुलिस कर्मियों के पास फोन आ जाता है। इस वजह से पुलिस कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करती है। सेक्टर-18 में रेहड़ी लगाने वाले मनोज ने बताया जब भी पुलिस कार्रवाई के लिए आती है तो वह अन्य लोगों के साथ नेताओं के पास चले जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर कोई पुलिसकर्मी कार्रवाई के लिए आता है तो भी तमाम रेहड़ी वालों को पहले ही पता चल जाता है।
अभियान चलाकर रेहड़ी पटरी वालों को हटाया जाता है। लेकिन ये लोग चोरी- छिपे दोबारा से रेहड़ी लगा लेते हैं। - बच्चू सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट।
अट्टा चौकी, जीआईपी के गेट पर शिफ्ट हो गई है। अट्टा मार्केट की चौकी को पुलिस पिकेट में बदल दिया गया है। जहां हरवक्त पुलिसकर्मी तैनात रहता है। उस समय पुलिस कर्मी क्यूं नहीं तैनात थे, इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित थाना प्रभारी से जवाब मांगा जाएगा।- दिनेश यादव, एसपी सिटी।