कर्ज के बोझ तले दबे एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी ने सेक्टर-54 स्थित ग्रीन बेल्ट में पेड़ से लटक कर खुदकुशी कर ली। कर्मचारी के पॉकेट से मिले सुइसाइड नोट में उसने लिखा है कि उसके ऊपर काफी कर्ज है और इसी वजह से वह खुदकुशी कर रहा है।
इतना ही नहीं उसने नोट में यह भी लिखा है कि उसके मरने के बाद उसकी पत्नी और बच्चों को परेशान न किया जाए। नोट में उसने अपनी पत्नी का मोबाइल नंबर लिखा है जिस पर आत्महत्या की सूचना देने की बात लिखी गई है।
पुलिस ने शव को को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है। मूल रूप से मोदीनगर, गाजियाबाद का रहने वाला नरेश शर्मा (40) पत्नी, बेटी और बेटे के साथ गिझोड़ स्थित रोहतास के मकान में किराये पर रहता था।
रात 2:30 बजे फैक्ट्री से निकल गया
वह सेक्टर-57 स्थित ए ब्लॉक में सुई बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। मंगलवार शाम 6 बजे वह नाइट शिफ्ट करने फैक्ट्री पहुंचा और रात 2:30 बजे फैक्ट्री से निकल गया।
वह रात में घर नहीं गया। पुलिस ने बताया कि नरेश की पत्नी ने उसे दर्जनों फोन कॉल किए मगर उसने उसका जवाब नहीं दिया। रात से लेकर सुबह 7 बजे तक पत्नी ने कई मैसेज भी नरेश को भेजे मगर कोई जवाब नहीं दिया।
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सेक्टर-54 स्थित ग्रीन बेल्ट में एक शव पेड़ से लटका हुआ है।
सुसाइड नोट के आधार पर हो रही है जांच
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया, शव की पहचान नरेश शर्मा के रूप में की गई। पुलिस ने खुदकुशी की सूचना परिजनों को दी और मौके से बाइक, मोबाइल, सुइसाइड नोट आदि कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि जिस कर्ज की बातों को उसने सुइसाइड नोट में लिखा है उसकी जांच की जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि जिससे उसने कर्ज लिया था कहीं वह दबाव तो नहीं बना रहा था।
सुइसाइड नोट उसी ने लिखा है, इसका भी जांच होगी।