दिल्ली में फ्रंटलाइन कोरोना योद्धाओं पर कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा। 24 घंटे घंटे के अंदर ही कोरोना ने दिल्ली पुलिस के एक और जवान की जान ले ली। जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस पीसीआर में तैनात हेड कांस्टेबल धीर सिंह की मंगलवार को कोरोना से मौत हो गई।
इसके साथ ही कोरोना से मरने वाले दिल्ली पुलिस के जवानों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। जानकारी के अनुसार धीर सिंह का 29 जून को ही कोरोना टेस्ट कराया गया था और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 30 जून को उनकी तबीयत खराब हुई तो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 30 जून को ही उनका निधन हो गया। उनकी उम्र 47 वर्ष थी।
इंस्पेक्टर की भी 30 जून को हुई मौत
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर संजीव कुमार यादव 14 दिनों तक कोरोना से लड़े और अंत में यह युद्ध हार गए। उनकी मौत बीती रात 12.30 बजे मैक्स साकेत में हुई। वह बीते 14 दिन से वेंटिलेटर पर थे। जानकारी के अनुसार उनकी दो प्लाज्मा थेरेपी भी हुई लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इंस्पेक्टर संजीव को 26 जनवरी 2020 को वीरता पुरस्कार से भी नवाजा गया था।
उनकी मौत पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर शोक भी जताया है और परिवार व दोस्तों के साथ संवेदना प्रकट की है।