पुलिस के हत्थे चढ़े इंडियन मुजाहिदीन के संदिग्ध आतंकियों ने खुलासा किया है कि पाकिस्तान में बैठा अता भटकल उर्फ अफीफ भारत में दहशतगर्दी के लिए लड़ाके तैयार करता है।
उसे टेक्निकल बैकग्राउंड के युवाओं की तलाश रहती है। सोशल नेटवर्किंग साइट से वह युवकों को जेहाद के लिए तैयार करता है। अच्छी तरह परखने के बाद इनकी बात पाकिस्तान में बैठे रियाज व इकबाल भटकल से कराई जाती है।
पुलिस के मुताबिक, बटला हाउस एनकाउंटर के बाद अता का नाम सामने आया था। वर्ष 2009 में वह पाकिस्तान भाग गया था। यहां रियाज व इकबाल भटकल ने अता को आईएम के लिए फौज खड़ी करने का काम दिया। अता सोशल नेटवर्किंग साइट पर धार्मिक पोस्ट डालता है।
जो लोग इसे लाइक करते हैं, अता उनसे जुड़ जाता है। इसके बाद आतंक के रास्ते पर लाया जाता है। राजस्थान मॉड्यूल खड़ा करने के लिए मारूफ, शाकिब और वकार की नियुक्ति अता ने की ही थी और तहसीन अख्तर ने इन्हें ट्रेनिंग दी थी। पुलिस ने इन तीनों के पास पहुंचने से पहले ही जिया-उर-रहमान उर्फ वकास को दबोच लिया था।