सेक्टर-47 में एक शराब ठेकेदार ने हुडा की जमीन पर कब्जा कर करीब 78 लाख रुपये का चूना लगा दिया। आरटीआई से इसका खुलासा होने के बाद एक जूनियर इंजीनियर की मिलीभगत सामने आ रही है।
हुडा प्रशासक ने ईओ टू को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के लिए कहा है। हुडा ने एक साल पहले सेक्टर-47 में 870 वर्ग मीटर जमीन का ठेका और अहाते के लिए अलॉट की थी।
आरोप है कि ठेकेदार ने अतिरिक्त जमीन पर कब्जा कर लिया। हुडा सर्कल रेट की छह प्रतिशत राशि पर जमीन किराये पर देता है।
सर्कल रेट के हिसाब से इस जमीन पर एक साल का किराया करीब 78 लाख रुपये बनता है। आरटीआई से जब यह खुलासा हुआ तो हुडा की सर्वे ब्रांच ने शराब ठेकेदार को नोटिस देकर बकाया राशि जमा कराने के निर्देश दिए।
इस बीच एक जूनियर इंजीनियर का नाम भी इस मिलीभगत में सामने आया। ऐसे में हुडा प्रशासक पीसी मीणा की ओर से ईओ टू को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य लेखाधिकारी आरएस गोयल ने बताया कि ईओ की तरफ से जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।