इकलाख हत्याकांड में जेल में बंद आरोपी पुनीत के बडे भाई की 8 दिसंबर को शादी है। घर में बिखरे मन से माता-पिता शादी की तैयारी कर रहे है।
उसके साथ ही पुनीत की रिहाई के लिए न्यायालय में पड़ने वाली तारीखों पर भी जाकर पैरवी कर रहे है। शादी की खुशी में पुनीत को शरीक कराने के लिए हर तरह के प्रयास माता-पिता कर रहे है। मां कृष्णा प्रार्थना कर रही है।
पुनीत के पिता योगेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके तीन बेटे सुमित, पुनीत, अमित है। बड़ा बेटा सुमित गुजरात में रिलायंस कंपनी में जूनियर इंजीनियर पद पर तैनात है, जिसका रिश्ता महावड गांव में एक साल पहले तय हो चुका था।
घटना के बाद शादी की तारीख बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे थे। उम्मीद थी कि पुनीत की जमानत हो जाने के बाद शादी की रस्म हो। लड़की वालों के दबाव के चलते 8 दिसंबर को शादी की तारीख तय हो गई है।
शादी की पूरी तैयारी की जा रही है। बिना पुनीत के शादी में क्या माहौल होगा, इसे सोच कर मन दुखी है। उन्होंने बताया कि अगर पुनीत की जमानत नहीं होती है तो उसको पेरोल पर लाने का भी प्रयास किया जाएगा।