वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(आईआईटी) वार्षिक परीक्षा में मध्य सेमेस्टर परीक्षा के ग्रेड, एसाइनमेंट और ऑनलाइन कोर्स पूरा करने के बाद असेसमेंट के आधार पर ग्रेड देंगे। इसके लिए विशेष कोविड-19 ग्रेडिंग प्रणाली शुरू करने का फैसला किया जा रहा है।
आईआईटी प्रबंधन अपनी-अपनी सीनेट में लाए गए प्रस्तावों के आधार पर ग्रेडिंग प्रणाली को अपना रहे हैं। आईआईटी गांधी नगर ने विशेष पास इमरजेंसी(पी/ई) ग्रेड ईजाद किया गया है। वहीं, खड़गपुर मध्य सेमेस्टर परीक्षा में प्राप्त ग्रेड, एसाइनमेंट और मौखिक परीक्षा के आधार पर ग्रेड देगा।
आईआईटी गांधीनगर के डीन (अकादमिक) प्रोफेसर प्रतीक मुथा के मुताबिक, 'वैश्विक महामारी कोरोना के चलते दो नए ग्रेड इजाद किए गए हैं। इन्हें पी ई का नाम दिया गया है। मार्च में कोरोना बचाव के लॉकडाउन में विंटर सेमेस्टर बीच में रुक गया था। इसलिए मई-जून में आयोजित होने वाली गर्मियों की छुट्टियों को 15 अप्रैल से सात जून तक की अवधि में किया गया।
अब आठ जून से ऑनलाइन क्लास शुरू होगी, क्योंकि छह हफते का कोर्स छूट गया था। आठ जून से 17 जुलाई तक ऑनलाइन क्लास चलेगी। इसके आधार पर कोर्स के आधार पर फैकल्टी ऑनलाइन परीक्षा, प्रोजेक्ट वर्क, असेसमेंट, एसाइनमेंट के आधार पर ग्रेड देंगे।
अभी तक ए, बी, सी या डी ग्रेड होता था। उसकी जगह पी/ ई यानी पास इमरजेंसी ग्रेड होगा। जबकि एफ ग्रेड की जगह आई/एफ ग्रेड होगा। इसका मतलब होगा कि छात्र की परफारमेंस खराब थी। ऐसे छात्रों को जब भी कोरोना हालात ठीक होने पर कैंपस खुलता है तो दोबारा ग्रेड सुधारने का मौका मिलेगा।