जल्द ही एम्स की मदद से आईआईटी खड़गपुर अपने परिसर में रिसर्च अस्पताल खोलने जा रहा है। ऐसा पहली बार होगा जब किसी आईआईटी में रिसर्च अस्पताल होगा। आईआईटी खड़गपुर ने एम्स के साथ मिलकर डॉ. बीसी राय इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च की स्थापना का फैसला लिया है।
आर्थो, कार्डियो के अलावा न्यूरो सांइस को बढ़ावा देने वाले इस अस्पताल को इस साल दिसंबर तक शुरू करने का लक्ष्य है। करीब 400 बिस्तर वाले इस अस्पताल को 400 करोड़ की लागत से करीब 42 एकड़ में बनाया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो 2021 तक आईआईटी खड़गपुर अपने इस अस्पताल में एमबीबीएस की पढ़ाई भी शुरू करेगा।
एम्स के लिए इंजीनियर करेंगे शोध, डॉक्टर देंगे साथ
एम्स की तरह आईआईटी भी दिल्ली स्थित देश के सर्वश्रेष्ठ अस्पताल के लिए शोध करेगा। इसमें एम्स के डॉक्टर भी आईआईटी इंजीनियरों का साथ देंगे। नई रिसर्च के जरिए तैयार मशीनों को एम्स अपने यहां स्थापित कर मरीजों का उपचार करेगा। इसके अलावा इंटर्नशिप, कोर्सेज पर भी काम होगा। सरकार, विदेशी संस्थाओं और राष्ट्रीय कोष संस्थाओं से मदद भी ली जाएगी। इससे न सिर्फ स्वदेशी रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मेडिकल उपकरण में विदेशों का अधिकार भी थोड़ा कम होगा।