700 से अधिक प्रतिभागियों के बीच संस्थान के तीन शोध आधारित नवाचारों को मिला शीर्ष स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के टेक्सटाइल एवं फाइबर इंजीनियरिंग विभाग ने संरचना-2026 उत्पाद विकास एवं डिजाइन हैकाथॉन प्रतियोगिता में तीन नवाचारों को शीर्ष स्थान मिला है। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत आयोजित प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक आवेदन आए थे। इनमें 31 टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता में प्रोफेसर हरुण वेंकटेशन के मार्गदर्शन में विकसित आईआईटी दिल्ली के तीन शोध आधारित नवाचारों को सर्वश्रेष्ठ नवाचारों में शामिल किया गया। भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 के दौरान केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया। इनमें पीएचडी शोधार्थी सुदीप्तो बेहरा और सुकृति बलियान का एयरोजेल आधारित अल्ट्रा लाइट स्लीपिंग बैग एवं मैट्रेस सिस्टम शामिल है जो सैनिकों, आपदा राहत दलों और पर्वतारोहियों को माइनस 60 डिग्री सेल्सियस तक सुरक्षा प्रदान करता है।
एमटेक स्नातक संभास्कर सिंह द्वारा विकसित किसान शील्ड नाम का बहुउद्देशीय सुरक्षात्मक वस्त्र किसानों को गर्मी, यूवी किरणों, बारिश, नमी और कीटों से बचाने के लिए तैयार किया गया है। वहीं इस उपलब्धि पर आईआईटी दिल्ली का कहना है कि यह उपलब्धि तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में संस्थान की अग्रणी भूमिका को मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के उद्देश्यों को भी गति देगी।