-छह महीने के कार्यक्रम में चिप निर्माण से लेकर औद्योगिक इस्तेमाल तक की मिलेगी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में सेमीकंडक्टर उद्योग के तेजी से बढ़ते दायरे और कुशल पेशेवरों की मांग को देखते हुए आईआईटी दिल्ली सेमीकंडक्टर उत्पादन और तकनीक कार्यक्रम में दाखिला का अवसर दे रहा है। इसके माध्यम से कामकाजी पेशेवरों और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवारों को सेमीकंडक्टर निर्माण की आधुनिक तकनीकों और उनके औद्योगिक इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाएगा। संस्थान के सतत शिक्षा कार्यक्रम (सीईपी) के तहत कार्यक्रम को संचालित किया जा रहा है।
दाखिला के लिए उम्मीदवार 12 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और अंतरिक्ष क्षेत्र में सेमीकंडक्टर की बढ़ती उपयोगिता पर विशेष जोर रहेगा। प्रतिभागियों को अगली पीढ़ी की चिप निर्माण तकनीक, सेमीकंडक्टर उपकरणों की कार्यप्रणाली और उत्पादन से जुड़ी प्रक्रियाओं से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार, सप्लाई चेन, उद्योग की बदलती जरूरतों और इस क्षेत्र में रोजगार व कारोबार की संभावनाओं पर जानकारी दी जाएगी। छह महीने की अवधि वाले इस कार्यक्रम में कुल 75 घंटे की पढ़ाई होगी। पाठ्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। जिससे नौकरी या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े उम्मीदवार भी अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकेंगे। इसके अलावा प्रतिभागियों को आईआईटी दिल्ली परिसर में एक दिवसीय वैकल्पिक शैक्षणिक सत्र में शामिल होने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण संस्थान के अनुभवी शिक्षकों और उद्योग विशेषज्ञों की ओर से दिया जाएगा। बीटेक, एमएससी और तीन वर्षीय स्नातक डिप्लोमा धारक उम्मीदवार इस कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं।