नॉलेज पार्क-3 स्थित आईआईएमटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों ने स्वदेशी तकनीक एवं कम लागत में भारत की पहली स्मार्ट दिव्यांग व्हील चेयर बनाई है। यह आवाज को टेक्स्ट में कन्वर्ट करेगी और उस टेक्स्ट के आधार पर कंट्रोलर निर्देश का पालन करेगा।
उपयोग की तकनीक और यंत्र भी पूर्ण स्वदेशी हैं। प्रोजेक्ट सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा प्रायोजित है। इसमें प्रोफेशनल अल्ट्रासोनिक सेंसर का प्रयोग किया गया है जो सामने आने वाली बाधा को पहले से भांपकर उसकी सूचना देगा। इसके बाद व्हील चेयर वहीं रुक जाएगी और अपना रास्ता बदल लेगी।
इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर राजीव कुमार ने बताया कि छात्रों ने 16 महीने की कड़ी मेहनत के बाद इसे तैयार किया है। इसमें जॉय स्टिक की जगह टीएफटी टच स्क्रीन का प्रयोग किया गया है जिससे इसका प्रयोग करने में सुविधा होगी।
टीएफटी में जीयूआई (ग्राफिक यूजर इंटरफेस) की मदद से स्लाइडर बनाया गया है, जिससे स्पीड एवं दिशा को कंट्रोल किया जा सकता है। टीएफटी टच स्क्रीन पर ही बैटरी स्टेटस भी दिखता रहता है।