फोटो: मीटिंग में पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा करते आईजी ओमप्रकाश नरवाल।
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। दक्षिण मण्डल रेवाड़ी के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओमप्रकाश नरवाल ने बुधवार को जिला पुलिस कार्यालय नूंह में अपराध समीक्षा बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी जलाभिषेक यात्रा एवं कांवड़ ड्यूटी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई, मोस्ट वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में एसपी डॉ. अर्पित जैन ने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और विशेष अभियानों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
आईजी ओमप्रकाश नरवाल ने कहा कि हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और अन्य जघन्य अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित पैदल व वाहन गश्त, प्रभावी नाकेबंदी और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मुकदमों की समयबद्ध और निष्पक्ष विवेचना पर विशेष जोर दिया।
आगामी जलाभिषेक यात्रा और कांवड़ ड्यूटी को लेकर आईजी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा सभी विभागों के समन्वय से शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर स्थित मीट-मांस और बिरयानी की दुकानों के संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने को भी कहा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वाईवीआर शशी शेखर, जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, सीआईए प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।