ट्रेन में सफर के दौरान यदि यात्री को किसी प्रकार की असुविधा होती है तो उसे शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी से नंबर पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि रेलवे ने अब टिकट पर ही हेल्पलाइन नंबर देना शुरू कर दिया है।
इसकी शुरूआत उत्तर रेलवे ने इसी महीने से की है। यह सुविधा अब धीरे-धीरे पूरे देश में लागू कर दी जाएगी। ज्ञात हो कि रेल बजट में रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने यह घोषणा की थी कि यात्रियों की शिकायतों को दर्ज करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर होना चाहिए।
इस घोषणा को अमल में लाते हुए उत्तर रेलवे ने मई महीने से टिकटों पर पैसेंजर हेल्पलाइन नंबर ‘138’ अंकित कराना शुरू कर दिया है। रेलवे का कहना है कि इस नंबर को न केवल आरक्षित टिकटों पर लिखा जा रहा है बल्कि सामान्य टिकट पर भी इसका उल्लेख हो रहा है।
टिकट में जहां यात्रा करने की तारीख का उल्लेख किया जाता है, उसी के ठीक नीचे पैसेंजर हेल्पलाइन नंबर लिखा नजर आएगा।