दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस सूत्रों के अनुसार वसंत कुंज (साउथ ) थाने में तैनात सिपाही प्रहलाद को बुधवार को सूचना मिली थी कि रात 7:00 से 8:00 बजे के बीच एक युवक मनोज शर्मा गुरुग्राम से अवैध रूप से शराब ला रहा है और दिल्ली ले जाएगा।
सिपाही प्रह्लाद ने दो आम नागरिकों के साथ इस युवक को महिपालपुर फ्लाईओवर पर पकड़ लिया और उसे 35000 रुपये लेकर छोड़ दिया ।इसके बाद युवक ने 100 नंबर पर पीसीआर कॉल कर दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी। कॉल करने के बाद युवक अपने घर चला गया।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद बृहस्पतिवार युवक को वसंत कुंज( साउथ) थाने बुलाया गया। युवक ने बताया कि वह बॉस के कहने पर गुरुग्राम से शराब की एक पेटी दिल्ली ला रहा था । उसके बॉस को दिवाली के मौके पर शराब गिफ्ट में देनी थी ।इसके बाद मोबाइल में महिपालपुर बीट में तैनात सभी पुलिस वालों की फोटो युवक को दिखाई गई । युवक ने रिश्वत लेने वाले आरोपी सिपाही प्रहलाद को पहचान लिया ।इसके बाद सिपाही को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि देर रात सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा था। पुलिस ने सिपाही के दो साथी आम नागरिकों के घरों पर दबिश दी , मगर वह अपने घरों से फरार मिले।
दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस शराब लाने वाले युवक के खिलाफ भी एक्साइज एक्ट का मामला दर्ज कर रही है। वह अवैध रूप से ज्यादा मात्रा में गुरुग्राम से दिल्ली शराब ला रहा था ।दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बचते रहे।