दिल्ली आई लव यू कैंपेन में उर्दू शायरी की वॉल पेंटिंग पर विवाद शुरू हो गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा है कि उर्दू में लिखने वालों का विरोध करना कहां से हिंदू प्रेम है।
मैं भी हिंदू हूं, हमारा धर्म इतना कमजोर नहीं कि उर्दू लिखने से डर जाए। मैं खुद जाकर शाहदरा की उस दीवार पर उर्दू शायरी लिखवाऊंगा, जहां आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने कलाकारों को उर्दू में लिखने से रोका। वहां प्रधानमंत्री का उर्दू ट्वीट भी लिखवाउंगा, देखते हैं कौन रोकता है।
संस्कृति मंत्री ने कहा है कि 20 मई को एक भारतीय कलाकार और फ्रांस का एक विदेशी कलाकार दिल्ली आई लव यू कैंपेन के उर्दू स्लोगन को सरकार की स्वीकृति से शाहदरा में जलबोर्ड दफ्तर की दीवार पर लिखने गए थे। वहां खुद को आरएसएस कार्यकर्ता बताने वाले कुछ लोगों ने ना सिर्फ उन्हें उर्दू में लिखने से रोका बल्कि हिंदी में भगवा रंग से उस पर स्वच्छ भारत पुतवा दिया।