छिजारसी में पत्नी की हत्या के आरोपी कैंसर पीड़ित पति को पुलिस ने शुक्रवार रात ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद आरोपी ट्रेन से ललितपुर पहुंच गया था। पुलिस के समक्ष आरोपी पति ने पत्नी के दूसरे युवकों से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। वारदात वाले दिन आरोपी ने पत्नी से शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा था, मगर इनकार करने पर उसे गुस्सा आ गया था, ऐसे में उस पर चाकू से हमला कर दिया। रविवार को उसे जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि पुलिस ने आरोपी की बीमारी का हवाला देते हुए उसे जमानत देने के लिए कहा है।
फेज-थ्री इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को महेश उर्फ अजय ने रात में अपनी पत्नी ममता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। मृतका के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार देर रात ललितपुर से आरोपी पति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। नोएडा लाकर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि पत्नी की हत्या उसी ने की है। चूंकि उसके कई युवकों से अवैध संबंध थे और उस दिन भी वह पड़ोसी युवक से बात कर रही थी। जब रात को उसने ममता से शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा, तो उसने इनकार कर दिया। गुस्से में उसने चाकू से गर्दन पर वार कर मौत के घाट उतार दिया था।
पति को मुंह का कैंसर
पुलिस अधिकारियों की मानें तो अजय को मुंह का कैंसर है और उसके पास खडे़ होने में भी बदबू आती थी। पत्नी भी उससे इसी कारण शारीरिक संबंध नहीं बनाती थी। ममता ने उसे नोएडा में इसलिए बुलाया था, ताकि वह पति का इलाज दिल्ली के एम्स में करा दे। हत्याकांड से एक दिन बाद ही उसे एम्स में दाखिल होना था, मगर उससे पहले ही उसने वारदात को अंजाम दे दिया।