घर में सब्जी नहीं बनने को लेकर हुए झगड़े में पति ने पत्नी को तलाक दे दिया। यह मामला मेवात के कस्बा नगीना का है। पीड़िता हसीना के पिता कमरूदीन गांव नकनपुर पुन्हाना ने नूंह की जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर अपने दामाद पर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। एसपी ने नगीना थाना पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं। नगीना पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची तब तक पति घर छोड़कर फरार हो गया।
घर में सब्जी नहीं बनने का कारण पूछने पर पत्नी ने सिर्फ इतना कहा कि सब्जी के लिए उसके पास रुपए नहीं थे इसलिए नहीं बनी, साथ ही उसने कहा कि बेटे को रुपए देकर सब्जी मंगवा लो। बेटे ने जैसे ही पिता से सब्जी के लिए रुपए मांगें तो सब्बीर गुस्से से आग-बबूला हो गया और गुस्साये पति सब्बीर ने पत्नी को तीन तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ लिया।
पत्नी ने हाथ जोड़कर बहुत मिन्नतें की लेकिन पति नहीं माना और मारपीट शुरू कर दी। अपनी मां को पिटता देख बचाने के लिए आगे आए बच्चे की भी सब्बीर ने पिटाई कर दी। कमरूदीन ने बताया कि करीब 25 साल पहले बेटी हसीना की शादी नगीना के सब्बीर पुत्र मलखां के साथ हुई थी। उसके 6 बच्चे हैं। ऐसे हालात में उनका पालन-पोषण कैसे होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन तलाक पर नया कानून बनाया है कम से कम इसको 3 साल की सजा तो दिलवाकर रहूंगा और गुजारा भत्ता भी इससे भी देना होगा। जिला पुलिस अधीक्षक संगीता रानी कालिया ने कहा शिकायत मिली है जिस पर छानबीन करने के बाद केस दर्ज करने के आदेश दिए गए है।