दादरी कोतवाली के नई आबादी मोहल्ले में मंगलवार को शराब के लिए पैसा न देने पर एक व्यक्ति ने चाकू से पत्नी के कान काटकर कुंडल निकाल लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत दादरी कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, नई आबादी मोहल्ले के हाथी वाली गली निवासी शकील की पत्नी पप्पी मोहल्ले में परचून की दुकान करके अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही है। पति हर समय शराब के नशे में रहता है। शराब के लिए पैसा नहीं देने पर आए दिन मारपीट करता है।
पत्नी दिन भर में दुकान पर जो पैसा कमाती है, वह उसे ले लेता है। मंगलवार को भी शकील शराब के लिए पैसा मांग रहा था। जब पत्नी ने पैसा देने से इंकार कर दिया तो पति ने चाकू से दोनों कान काट कर कुंडल निकाल लिए और वहां से भाग गया।
पीड़ित महिला ने दादरी कोतवाली पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए दादरी सरकारी अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर ने उपचार कर महिला को जिला अस्पातल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन पीड़ित की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण जिला अस्पताल नहीं जा सकी और उपचार के लिए भटकती रही है।