पति-पत्नी ने जहर निगल लिया (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media
बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में गुरुवार को अतिक्रमण की कार्रवाई में करीब 25 मकानों पर बुलडोजर चला दिया गया। अपना आशियाना मिट्टी में मिलता देख एक दंपती ने जहर निगल लिया, जिनमें पति ने रोहिणी के बाबा भीमराव आंबेडकर अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि पत्नी की हालत गंभीर है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है। बवाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात की जांच की जा रही है कि दंपती ने जहर खाया या फिर मकान टूटने से घबराकर उसकी हालत खराब हो गई।
जानकारी के अनुसार बाहरी दिल्ली के बवाना स्थित आनंद विहार कॉलोनी से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाया जा रहा है। मास्टर प्लान के तहत इस राजमार्ग को द्वारका और रोहतक हाईवे से जोड़ना है। ग्रामीण एक्सटेंशन सड़क मार्ग योजना के तहत यह राजमार्ग आनंद विहार कॉलोनी से होकर जाना है। बीते 19 जून को नरेला एसडीएम की ओर से इलाके में घरों के बाहर लाल निशान लगाए थे और लोगों को घरों के तोड़े जाने की जानकारी दी थी।
गुरुवार सुबह डीडीए की टीम करीब 4 से 5 बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और एक के बाद एक कई मकान ढहा दिए। इन्हीं में से एक घर था सूर्यनारायण का। अपने मकान पर बुलडोजर चलता देख सूर्यनारायण काफी सदमे में आ गया। 47 वर्षीय सूर्यनारायण और उनकी पत्नी अल्पना ने काफी मिन्नतें भी कीं लेकिन जब उनकी सुनवाई नहीं हुई तो दोनों ने जहर खा लिया। जब उनकी 12 वर्षीय बेटी कशिश और 7 वर्षीय बेटा सचिन ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे।