गर्भवती महिला की डिलेवरी के बाद संदिग्ध हालात में मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
परिजनों ने डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। नोएडा के थाना सेक्टर-49 पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
नगला चरनदास निवासी रीता उर्फ सुनीता को परिजन डिलेवरी के लिए बरौला स्थित श्रीओम लाइफ लाइन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने महिला को नॉर्मल बताते हुए डिलीवरी की बात कही। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई।
डिलीवरी के एक घंटे बाद ही महिला की मौत हो गई जिसकी अस्पताल प्रबंधन ने पुष्टि नहीं की। इस पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर तोड़फोड़ कर दी। करीब एक घंटे बाद मौके पर थाना सेक्टर-49 पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाने के बाद मामला शांत कराया।
महिला के परिजनों के आरोप लगाया कि डॉक्टर पहले भी कई बार नाम बदलकर अस्पताल चला चुका है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभी तक किसी भी तरह की पहल नहीं की है।
मामले की जांच की जा रही है
थाना सेक्टर-49 प्रभारी वीके यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों को समझा बुझा कर शांत कराया है।