ग्रेटर नोएडा के दनकौर में शुक्रवार को कांवड़ खंडित होने के विवाद ने इलाके में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ दिया। गुस्साए लोगों ने बाजार बंद करा दिया। इस दौरान धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ करने के साथ ही लोगों से मारपीट भी की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
बृहस्पतिवार को दनकौर कोतवाली के रीलखा गांव निवासी सुरेश पुत्र धनपाल हरिद्वार से कांवड़ ला रहे थे। रात को जब वह अछेजा बुजुर्ग गांव से गुजरे तो एक समुदाय के कुछ युवकों ने कांवड़िये पर गंदा पानी डाल दिया। विरोध करने पर युवकों ने सुरेश को पीटा और उसकी कांवड़ को खंडित कर दिया।
आरोप है कि इस दौरान युवकों ने हवाई फायरिंग भी की। इस बीच आरोपियों ने सहयोगी कांवड़ियों से भी गाली-गलौज की, जिस पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जानकारी मिलते ही दनकौर थाना प्रभारी वहां पहुंचे। सीओ द्वितीय ओपी त्रिपाठी ने कांवड़ियों को बताया कि उन्होंने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिस पर रात में ही मामला शांत हो गया।
शुक्रवार को रीलखा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए दनकौर कोतवाली में हंगामा शुरू कर दिया। सीओ द्वितीय द्वारा दो दिन में युवकों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। इस दौरान दनकौर कस्बे और ऊंची दनकौर में कुछ युवकों ने पैठ बाजार और अन्य दुकानों को बंद करा दिया।
व्यापारियों के विरोध करने पर उनसे मारपीट भी की गई। कुछ व्यापारियों ने युवकों पर लूटपाट का भी आरोप लगाया है। आरोप है कि उपद्रवियों ने धार्मिक स्थलों में भी घुसकर लोगों से मारपीट की। दनकौर में बढ़ते तनाव और हंगामे की सूचना पर एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह कई थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पीएसी बुलाई और दनकौर कस्बे में हंगामा करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया। डीएम एवी राजामौली और एसएसपी डॉ. प्रितिंदर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। एडीएम, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने यहां डेरा डाल दिया है।
एसएसपी डॉ. प्रितिंदर सिंह ने बताया कि सुरेश की तहरीर पर कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दनकौर के बाजार में हंगामा करने वाले कुछ उपद्रवियों को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।