अंबेडकर रोड पर एक्सप्रेस मार्केट में एचपी के गोदाम से नकाबपोश चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के लैपटॉप चुरा लिए। वारदात सोमवार तड़के करीब 5:39 से 5:59 बजे तक हुई। चोर गोदाम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं।
चोरी से गुस्साए व्यापारियों ने कंप्यूटर मार्केट बंद कर चौकी इंचार्ज का घेराव किया। फिर अंबेडकर रोड पर सड़क के बीच में धरने पर बैठकर जाम लगा दिया।
पुलिस को खुलासे के लिए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। आधे घंटे तक जाम से लोग बिलबिला गए। बसों से उतरकर लोगों को पैदल जाना पड़ा।
पटेल नगर थर्ड निवासी पीयूष बत्रा अंबेडकर रोड पर एचपी का शोरूम चलाते हैं। थोड़ी ही दूरी पर उनका गोदाम है। रविवार रात करीब साढे़ आठ बजे शोरूम और गोदाम बंद कर गए थे।
सोमवार सुबह शोरूम के कर्मचारी जॉनी को चौकीदार ब्रह्म सिंह ने गोदाम के शटर के ताले टूटे होने की सूचना दी। चौकीदार को वारदात का भनक नहीं लगी। पीयूष ने बताया कि दो शटर और एक लकड़ी के दरवाजे का लॉक तोड़कर चोर गोदाम में घुसे।
गोदाम के अंदर रखे एचपी कंपनी के करीब 75 लैपटॉप चोरी कर लिए। सीसीटीवी में तीन नकाबपोश दिख रहे हैं, जो मंकी कैप पहने थे और मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था।
माना जा रहा है कि चोर बाइक और कार से आए थे। लोगों ने वारदात के वक्त कार और बाइक की मूवमेंट मार्केट में देखी है। गोदाम के बाहर भी कार के पहियों के निशान देखे गए हैं।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। फिंगर प्रिंट उठाए। एसएचओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के जरिये चोरों को तलाश की जा रही है।
व्यापारी बोले, गश्त नहीं करते पीसीआर में सोते रहते हैं पुलिसवाले
व्यापारियों का आरोप था कि पुलिसवाले पीसीआर में आराम फरमाते रहते हैं। चोर कोहरे का फायदा उठाकर लगातार वारदातें कर रहे हैं। एक सप्ताह में ये तीसरी बड़ी चोरी है।
इससे पहले अंबेडकर रोड पर सोनी के शोरूम से लाखों के लैपटॉप चोरी कर लिए गए थे। सीओ और एसएचओ ने व्यापारियों को समझाया और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया तब व्यापारी शांत हुए।
उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर पांच दिन के भीतर रिकवरी के साथ खुलासा नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
डिस्ट्रिक्ट कंप्यूटर एसोसिएशन के पदाधिकारी हर्ष बत्रा, अरुण कक्कड़ और गोपाल शर्मा ने बताया कि शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि लगातार कंप्यूटर विक्रेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
सोमवार को घटना के विरोध में विक्रेता एसएसपी से मिलने पहुंचे, मगर मुलाकात नहीं हुई। पुलिस-प्रशासन का कोई सीनियर अधिकारी विक्रेताओं से मिलने नहीं आया।
विवश होकर विक्रेताओं को सड़क पर उतरना पड़ा। हंगामे की सूचना पर विक्रेताआें से मिलने पहुंचे सीओ सिटी अनिल यादव ने पांच दिन का समय मांगा है।
माचिस की तिल्ली जलाकर की चोरी
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि चोरों ने माचिस की तिल्लियां जलाईं और मोबाइल की लाइट का इस्तेमाल किया।
सीसीटीवी भी तोडने की कोशिश
चोरों ने गोदाम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ने की कोशिश की। एक सीसीटीवी कैमरे के तार तोड़ कर उसे मोड़ा गया, हालांकि दूसरे सीसीटीवी तक बदमाशों के हाथ नहीं पहुंच पाए, जिस कारण वारदात सीसीटीवी में कैद हो पाई।
पुख्ता रेकी कर की गई वारदात
पुलिस ने एक्सप्रेस मार्केट के गार्ड और शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ की है। पुलिस को अंदेशा है कि पुख्ता रेकी और मुखबिरी के बाद वारदात की गई है। चोरों ने गोदाम के अंदर चेहरा ढका हुआ था।
हल्के डिब्बे छोड़े, भारी ले गए
चोर गोदाम में रखे डिब्बों को पहले हाथों में लेकर हल्के और भारी होने का अंदाज कर रहे थे। भारी डिब्बाें को लेे गए और हल्के छोड़ गए।