उत्तर प्रदेश की पहली महिला एवरेस्ट विजेता और हाल ही में वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर पद से सेवानिवृत्ति लेकर पर्वतारोहण के नए कीर्तिमान बनाने वाली तूलिका रानी अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को सेक्टर-49 स्थित द एसडी पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगी।
वे पढ़ाई और जिंदगी के हालात से पैदा होने वाले तनावों से जूझने के कारगर नुस्खे बताएंगी। हाल ही में रूस के माउंट एल्ब्रुश पर उत्तरी तट से चढ़ाई कर के लौटीं तूलिका का जीवन अपने आप में एक प्रेरणा है, जो न केवल पर्वतारोहण के लिए, बल्कि जिंदगी की चुनौतियों का भी हिम्मत से सामना करने का जज्बा सिखाती हैं।
8 मार्च 2016 को महिला दिवस पर जब स्कावड्रन लीडर (रटायर्ड) और ऊंचाईयों को फतह करने वाली तूलिका को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हाथों लखनऊ में रानी लक्ष्मीबाई सम्मान मिला था। चुनौतियां हर किसी के जीवन में आती हैं, लेकिन ऐसे चुनौतीपूर्ण समय का सामना कैसे किया जाए, सही और गलत का निर्धारण कैसे किया जाए, इस तरह के कई सवालों पर तूलिका अपने जीवन के असल उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों से बृहस्पतिवार को चर्चा करेंगी।