अलीपुर के बुढ़पुर गांव में सोमवार रात निर्माणाधीन दो मंजिला मकान गिरने से 11 मजदूर मलबे में दब गए। इसमें दो की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल विभाग, एमसीडी समेत बचाव दल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने बचाव दल व स्थानीय लोगों की मदद से सभी को मलबे से निकाल कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां छह की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब सवा आठ बजे सूचना मिली कि बुढ़पुर गांव में क्लाउड फॉर्म हाउस के पास स्थित दो मंजिला मकान गिर गया है और इसमें करीब 11 लोग दब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल विभाग की नौ गाड़ियां, आपदा प्रबंधन की टीम व सिविल डिफेंस के लोग मौके पर पहुंच गए।
राहत कार्य में लगे लोगों ने मलबे के नीचे दबे 11 लोगों को निकालकर उन्हें इलाज के लिए राजा हरिशचंद अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक की मौत हो गई। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मकान 150 गज में बना हुआ है। एक मंजिल के मकान में नीचे गोदाम बनाने का काम चल रहा था, साथ ही दूसरी मंजिल की छत डाली जा रही थी।
इसी दौरान हादसा हो गया। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि जांच में पता चला है कि मकान को अवैध तरीके से बनाया जा रहा था। फिलहाल मकान मालिक की पहचान की जा रही है।