होशियारपुर के गली नंबर पांच में मोहन साह बालाजी शुद्ध भोजनालय चलाते हैं। आठ अप्रैल की रात करीब एक बजे होटल बंद होने के बाद मोहन अपने दो साथियों के साथ खाना खा रहे थे। तभी बुलेट सवार दो युवक आए और शाही पनीर की मांग की। इस पर मोहन साह ने कहा कि होटल बंद हो चुका है। अब शाही पनीर नहीं मिल पाएगा।
इस पर बाइक सवार दोनों युवक नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए मोहन साह के साथ मारपीट कर दी। संचालक के साथियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने धमका दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और एक आरोपी होशियारपुर निवासी रवि यादव को पकड़ लिया। दूसरा आरोपी बुलेट से भाग निकला। होटल संचालक ने पुलिस को जानकारी दी है कि आरोपी पूर्व में होटल पर आते थे और बिना रुपये दिए खाना खाकर जाते थे।