अगस्त में हुई होटल कारोबारी की हत्या के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को पुलिस ने इसी महीने की शुरुआत में ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने पूरे मामले की जानकारी दी।
पिछले महीने एक होटल व्यवसायी की हत्या के आरोपी 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हरियाणा के झज्जर निवासी प्रदीप मोर को बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक 9 एमएम की अत्याधुनिक पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और एक खाली राउंड बरामद किया है।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि प्रदीप मोर बुराड़ी निवासी अमित गुप्ता की हत्या में शामिल था। गुप्ता को अगस्त में उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में दो हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मार दी थी। दो हमलावरों में से एक अमित यादव उर्फ राहुल को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) देवेश कुमार महला ने बताया कि मोर को एक गुप्त सूचना के बाद गिरफ्तार किया गया था। वह और उसका एक सहयोगी किसी और को कथित रूप से खत्म करने के लिए अलीपुर आ रहे थे। सूचना के आधार पर, टीम का गठन किया गया और जाल बिछाया गया। जब मोर को उसके साथी के साथ देखा गया, तो पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया लेकिन उसने हवा में फायरिंग की। हालांकि, पुलिस की टीम ने जनता की मदद से उसे पकड़ लिया। लेकिन उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा।
पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदीप मोर 2017 में जेल में मिलने के बाद दिनेश कराला से जुड़ा था। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।