करोलबाग के होटल अर्पित पैलेस अग्रिकांड के मामले में पुलिस ने मंगलवार शाम होटल के जनरल मैनेजर राजेंद्र और एक मैनेजर विकास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की मानें तो विकास हादसे के समय होटल में मौजूद था। पुलिस उससे पूछताछ कर हादसे के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने होटल की सीसीटीवी फुटेज और कुछ रजिस्टर जिनमें गेस्ट का ब्यौरा मौजूद हैं, उन्हें अपने कब्जे में लिया है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 304 और 308(गैर इरादतन हत्या और गैर इरातन हत्या के प्रयास) का मामला दर्ज कर लिया है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रणधावा ने बताया कि शुरूआती जांच के दौरान पता चला है कि होटल प्रशासन की ओर से व्यवस्था में घोर लापरवाही बरती गई थी। हादसे के समय होटल के इमरजेंसी गेट को बंद किया हुआ था, जिसकी वजह से लोग इसका इस्तेमाल नही कर पाए।
वहीं विकास से पूछताछ कर इस बात का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय समय पर पुलिस को सूचना क्यों नही दी। इसके अलाव आग किस समय लगी। पुलिस ने मंगलवार को ही पांच लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार के हवाले कर दिए हैं।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि दो या तीन लोग हादसे के समय जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से नीचे कूद गए थे। अग्रिकांड से जुड़े सवालों की तलाश के लिए क्राइम टीम, दमकल विभाग और एफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।