नए साल में परिवार वालों के साथ समय बिताने और फूल टू मस्ती की तैयारियाें में लगे अधिकांश लोगों की नए वर्ष की सुबह हांगकांग और मारीशस में होगी। सस्ते विदेशी टूर पैकेज परिवार और नवविवाहिता जोड़ों को खासे लुभा रहे हैं।
टूरिस्ट एजेंसियों की मानें तो देशी की तुलना में विदेशी पैकेज के दामों में ज्यादा अंतर नहीं होने के कारण लोग क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने के लिए विदेशी टूर पैकेज को प्राथमिकता दे रहे हैं। इनकी बुकिंग अभी से शुरू हो गई है।
पिछले कुछ वर्षों में हांगकांग, मलेशिया, सिंगापुर परिवार के साथ जाने वालों के लिए हॉट डेस्टिनेशन बनकर उभरा है। यहां जाने का लोगों का क्रेज देखते हुए एजेंसियों ने इस वर्ष स्पेशल पैकेज भी लांच किया है।
इन्हें न्यू ईयर सेलिब्रेशन पैकेज का नाम दिया गया है। एजेंसी संचालक मनप्रीत कौर ने बताया कि परिवार के साथ जाने वालों ने करीब 500 बुकिंग कराई, जबकि कपल्स के लिए मारीशस और मालदीव सबसे हॉट स्पाट है। वहीं जिनके पास ज्यादा समय नहीं है वह नया वर्ष मनाने के लिए गोवा और केरल की बुकिंग करा रहे हैं।