नोएडा के सेक्टर-41 स्थित कोठी में एक युवती को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने प्रेमी पर अपने दो दोस्तों से सामूहिक दुष्कर्म कराने का आरोप लगाया है।
नोएडा पुलिस ने आठ अक्तूबर को जीरो एफआईआर दर्ज कर कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, पंजाब पुलिस को मामला टरकाने के प्रयास में लगी रही। आखिर में डीआईजी के निर्देश पर बुधवार शाम मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से बरेली की रहने वाली युवती पंजाब के मोहाली में रहती थी और वहीं एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि वर्ष 2012 में करण नाम के युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। तब से दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
इस दौरान प्रेमी युवक शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म करता रहा। शादी के लिए दबाव बनाने पर युवक उसे कभी समझाकर तो कभी धमकाकर चुप करा देता था। सितंबर 2014 में वो प्रेमी के साथ नोएडा के सेक्टर-41 के जे ब्लॉक स्थित कोठी में आई थी।
इस दौरान उसे कोठी में बंधक बनाकर रखा गया और प्रेमी के दो दोस्तों ने उसके साथ कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान वहीं रहने वाली दो महिलाओं पर भी उसने आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया।