पूर्वी दिल्ली। कड़कड़डूमा स्थित डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान में बिजली आपूर्ति के बैकअप को मजबूत करने के लिए 1.55 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की गई है। इसके तहत 750 केवीए क्षमता के दो नए जनरेटर सेट लगाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू करवा दिया है और 23 दिसंबर तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान पूर्वी दिल्ली का 200 बिस्तरों वाला जिला स्तरीय अस्पताल है, जहां ओपीडी, 24 घंटे आपातकालीन सेवा, जांच व अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां कुल आठ ऑपरेशन थिएटर हैं जिनमें कैजुअल्टी, सामान्य व मातृत्व ब्लॉक शामिल हैं। निर्बाध बिजली बैकअप मरीजों की सुरक्षा व सेवाओं के संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
परियोजना के अनुसार, अस्पताल परिसर में दो नए 750 केवीए क्षमता के जनरेटर सेट स्थापित किए जा रहे हैं। अस्पताल में स्टैंडबाय जनरेटर की सुविधा पहले से है, लेकिन नई परियोजना मौजूदा बैकअप व्यवस्था को अधिक मजबूत करने के लिए है। इससे बिजली कटौती के दौरान आपातकालीन सेवाओं व ऑपरेशन थिएटरों को मजबूत बैकअप मिलेगा। ब्यूरो