फरीदाबाद के लोगों को अब गंदे पानी से होने वाली गंभीर बीमारियों से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। नगर निगम अब जनता को क्लोरीन गैस से शुद्ध होने वाले पानी की सप्लाई करने की तैयारी कर रहा है।
नगर निगम प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष मार्च तक जेएनएनयूआरएम योजना के तहत बनने वाले सभी रैनीवेल चालू हो जाएंगे, जिससे जनता को भरपूर पानी मिल सकेगा। निगम प्रशासन अभी तक पानी को शुद्ध करने के लिए क्लोरीन की गोली और ब्लीचिंग पाउडर आदि का प्रयोग करता है। लेकिन अब इसके लिए क्लोरीन गैस की नई तकनीक का प्रयोग किया जाएगा।
निगम के चीफ इंजीनियर सुजाना राम बिशभनोई ने बताया कि इस नई योजना को अभी तक देश के कुछ प्रमुख शहरों में ही अपनाया गया है। इसमें पानी की सप्लाई के साथ ही एक निश्चित मात्रा में क्लोरीन गैस सिलेंडर से क्लोरीन गैस को प्रवाहित किया जाता है। इससे यह पानी के साथ मिलकर पानी शुद्ध करती है।
पुरानी तकनीक से पानी शुद्ध करने की प्रक्रिया में कई बार क्लोरीन की मात्रा अधिक पड़ने की शिकायत आती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
ऑनलाइन पानी के बिल जमा कराने की तैयारी
फरीदाबाद नगर निगम प्रशासन अब पानी के बिल ऑनलाइन जमा करवाने की तैयारी में है। इससे जनता को निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। साथ ही लोग प्रॉपर्टी टैक्स की तरह पानी का भी सेल्फ असेसमेंट करके बिल जमा कर सकेंगे।
नगर निगम के डीटीपी रवि सिंगला ने बताया कि इसके लिए एक प्रस्ताव निगमायुक्त के पास भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी के बाद वर्ष 2014-15 के नगर निगम के बजट में इसे शामिल किया जाएगा।