हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण(हुडा) अवैध कब्जों को लेकर सख्त हो गया है। पिछले दिनों नगर निगम के साथ मिलकर सैकड़ों झुग्गियां हटाई गईं। इसी कड़ी में हुडा की टीम ने शनिवार को अवैध कब्जों पर कार्रवाई की।
नागरिकों की शिकायत पर सरकारी जमीन से 150 झुग्गियां हटाई गईं। वहीं, अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की गई। सेक्टर-10 की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से हुडा प्रशासक को शिकायत दी गई थी कि सेक्टर में यूरो इंटरनेशनल स्कूल के नजदीक हुडा की खाली पड़ी करीब साढ़े चार एकड़ जमीन पर कुछ लोगों ने झुग्गियां डालकर रहना शुरू कर दिया है।
जिससे वातावरण खराब हो रहा है। यही नहीं यह लोग आसपास गंदगी को भी बढ़ावा दे रहे हैं। जिस पर प्रशासक ने संज्ञान लेते हुए हुडा के एस्टेट ऑफिसर संजीव सिंगला के नेतृत्व में जेसीबी के साथ टीम को मौके पर भेजा। यहां जेसीबी की मदद से हुडा की जमीन पर बनाई गईं करीब 150 झुग्गियों को हटाया गया। इस दौरान पुलिस बल भी यहां तैनात किया गया था।
जमीन को खाली कराने के बाद हुडा डिवीजन-5 के कार्यकारी अभियंता रामेश्वर दास को जमीन के चारों ओर बाउंड्री कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम विंडो पर रेजीडेंट की ओर से दूसरी शिकायत सेक्टर-10ए में प्लॉट नंबर 1398 से 1405 को जाने वाले रास्ते पर अवैध रूप से लगाए गए गेट को लेकर दी गई थी।
इस गेट के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। हुडा की टीम ने इस गेट को हटाते हुए रास्ते को खोल दिया। यहां से टीम कार्रवाई के लिए सेक्टर-9ए के हाउस नंबर 796 पर पहुंची।
इस मकान में अवैध तरीके से दुकान खोली गई थी। जिस पर हुडा की ओर से मकान मालिक को नोटिस जारी करते हुए दुकान को बंद करा दिया गया और भविष्य में यहां इस तरह की कोई भी कामर्शियल एक्टिविटी न करने की हिदायत दी गई।