दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस-वे पर लगातार दूसरे दिन भी जाम रहा। शनिवार को यहां कई किलोमीटर लंबा जाम लगने के बाद भी खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर ट्रैफिक सिग्लन फ्री कर नहीं निकाला गया।
इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। जाम करीब दोपहर दो बजे से शुरू होकर शाम सात बजे तक लगा रहा। आम तौर पर शनिवार को हाइवे पर ट्रैफिक कम रहता है। मगर जाम लगने से दिक्कत बढ़ गई।
दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस-वे पर टोल से लेकर गांव खेड़कीदौला व नरसिंहपुर तक वाहनों का करीब तीन किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा। जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं दूसरी ओर हाईवे पर टोल लेकर वाटिका-शिकोहपुर फ्लाईओवर पर जाम लगा रहा। शनिवार दोपहर बाद 2 बजे जाम शिकोहपुर फ्लाईओवर पार कर रामपुरा गांव तक पहुंच गया।
जिससे जाम के कारण चार-पांच किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाटिका फ्लाईओवर पर एंबुलेंस फंसी रही। जबकि प्रशासन की गाड़ियां भी जाम में खड़ी रहीं।
कई बार फोन करने पर भी टोल प्लाजा पर ट्रैफिक सिग्लन फ्री कर नहीं निकाला गया। जबकि एक से डेढ़ या दो किलोमीटर लंबा जाम लगने के कारण दोनों ओर ट्रैफिक फ्री कर छोड़ दिया जाता है। लेकिन शुक्रवार व शनिवार टोल टैक्स पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
आईएमटी चौक पर जाम
आईएमटी मानेसर चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा नहीं होने से हाईवे सर्विस लाईन पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। आईएमटी चौक पर दोनों ओर जाम के कारण हाईवे पर कई किलोमीटर लंबी लाइन लगी रही। आईएमटी फ्लाईओवर सर्विस लाइन में गड्ढे होने के कारण जाम मानेसर लेकर नखडौला तक पहुंच गया।
जाम में वाहन रेंगकर चले। वहीं जयुपर की तरफ आईएमटी चौक से लेकर मानेसर गांव, बस स्टैंड, एनएसजी व पहाड़ी घाटी तक वाहनों की लाइनें लगी रहीं।
मानेसर गांव में दोनों ओर हाईवे सर्विस लाईन निर्माण नहीं होने से दिक्कत झेलनी पड़ रही है। मानेसर बस अड्डे पर टैंपू हाईवे पर ही खड़े रहते हैं। जिससे जाम को बढ़ावा मिल रहा है।