दुनियाभर में रोज डे के साथ ही शुक्रवार को वेलेंटाइन वीक का आगाज हो गया। प्यार के वैश्विक पर्व का युवा बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
रोज डे के दिन शहर के मॉल्स तो भरपूर गुलजार रहे। कॉलेजों के युवाओं के लिए भी यह दिन खास रहा। पूरे दिन युवाओं ने अपने प्यार का सांकेतिक इजहार किया।
मौका देखकर गुलाब की कलियों ने आंखे तरेर ली। आम बाजारों में जहां पहले यही फूल आठ से 10 रुपये मिलते थे वहीं रोज डे के दिन 20 से 50 रुपये के हो गए। मॉल्स में तो इनका रंग और सुर्ख रहा। एक-एक गुलाब की कली के लिए प्यार के परवानों को 80 से 150 रुपये तक खर्च करने पड़े।
वहीं रोज बुके 200 से 800 रुपये में मिला। रोज फ्लावर के लिए किल्लत नहीं हो इसके लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने पहले से ही इसकी बुकिंग कर ली थी। पुष्प विक्रेता विनोद बताते हैं कि इनकी की होम डिलेवरी भी हो रही है।
मॉल्स का फुटफॉल काफी रहा और मल्टीप्लेक्स से लेकर रेस्टोरेंट तक में भी अच्छी खासी रौनक देखने को मिली। युवाओं का यहां मजमा ज्यादा रहा।
आम तौर पर मल्टीप्लेक्स की सीटें 60 प्रतिशत तक ही भरती है मगर शुक्रवार को हाउसफुल जैसा माहौल देखने को मिला। एमजीएफ मॉल में आर्चीज गैलरी में गिफ्ट की खरीददारी के लिए भी युवाओं की भीड़ लगी रही। वहीं सदर बाजार स्थित हॉर्ट बीट गैलरी के संचालक कमल ने बताया के गिफ्ट की शॉपिंग युवाओं ने खूब की।
इजहार-ए-मोहब्बत आज
वेलेंटाइन वीक का दूसरा दिन प्रपोज डे के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान युवा एक दूसरे से अपने दिल की बात कहते हैं। अगर इस दिन ग्रीन सिग्नल मिला तो प्यार की गाड़ी ट्रैक पर तेजी से दौड़ लगाने लगती है।