फ्लाईओवर का हिस्सा गिरने के बाद लगा जाम
हीरो होंडा चौक पर 200 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर का एक बड़ा हिस्सा बुधवार सुबह को गिर गया। फ्लाईओवर निर्माण के 21 महीने में यह तीसरी घटना है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति या वाहन को कोई क्षति नहीं पहुंची।
घटना के कारण जयपुर से दिल्ली जाने वाली साइड को बंद कर रूट डायवर्ट कर दिया गया। इस कारण करीब 5 किमी लंबा जाम लग गया। करीब एक साल पहले भी फ्लाईओवर का एक बड़ा हिस्सा गिर गया था, जिसकी मरम्मत करने के बाद इसे चालू किया गया था।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने फ्लाईओवर की गुणवत्ता की जांच आईआईटी मुंबई के इंजीनियर से करवाई थी। वहीं, एनएचएआई ने बुधवार को भी मौके का मुआयना किया। एनएचएआई के परियोजना अधिकारी ने मामले की रिपोर्ट तलब की है।
फ्लाईओवर के एक हिस्से के टूटने की जानकारी मिलते ही मौके पर इंजीनियर की टीम को भेजा गया। इसकी जांच रिपोर्ट तलब की गई है। फ्लाईओवर बनाने वाली कंपनी को अब तक पूर्णतया प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया है। वर्तमान में जो हिस्सा टूटा है वह पहले मरम्मत किए गए हिस्से के नजदीक है। उस हिस्से को कोई क्षति नहीं पहुंची है।
- अशोक शर्मा, परियोजना निदेशक, एनएचएआई