सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ, सालभर होंगी गतिविधियां
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के 75 सीएम श्री स्कूलों में बच्चे अब इतिहास केवल किताबों में नहीं पढ़ेंगे, बल्कि ऐतिहासिक स्थलों, संग्रहालयों व अभिलेखागार के दौरे से अपनी विरासत को करीब से जानेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को हेरिटेज क्लबों की स्थापना का शुभारंभ किया। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को दिल्ली की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, स्थापत्य व दस्तावेजी विरासत से जोड़ना और संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग व दिल्ली अभिलेखागार की ओर से क्लबों में सालभर छात्र केंद्रित गतिविधियां होंगी। शिक्षकों की अलग से भर्ती होगी और मौजूदा शिक्षकों को दो दिन की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें 60 से अधिक विषय शामिल हो सकते हैं।
क्लबों में विद्यार्थी दिल्ली की संस्कृति पर लघु वृत्तचित्र व चलचित्र बनाएंगे, बुजुर्गों से मौखिक इतिहास व स्थानीय परंपराओं का संकलन करेंगे और पारंपरिक कला-शिल्प से परिचित होंगे। विरासत दिवस व हेरिटेज फेस्टिवल से बच्चों को रचनात्मकता दिखाने का मंच मिलेगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल इतिहास पढ़ना पर्याप्त नहीं, बच्चों को अपनी जड़ों व शहर का इतिहास जानना जरूरी है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली को सांस्कृतिक व स्टार्टअप राजधानी बनाने के लक्ष्य पर काम हो रहा है। कला-संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली का इतिहास महरौली से लाल किले तक सीमित नहीं, हेरिटेज क्लबों से विद्यार्थी विस्तृत सांस्कृतिक विरासत जान सकेंगे। इस मौके पर कला, संस्कृति व भाषा विभाग के सचिव के महेश, शिक्षा निदेशक अंकिता आनंद, सीएम श्री स्कूलों के शिक्षक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।