कोरोना वायरस से विद्यार्थियों को बचाने के लिए आईआईटी दिल्ली के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने भी अहम कदम उठाया है। एडवाइजरी जारी कर छात्र-छात्राओं से कहा है कि वे अपने घरों पर चले जाएं।
जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वह मौजूदा परिस्थितियों को गंभीरता से समझें और अपनी सुरक्षा के लिए सुरक्षित वातावरण और देखभाल के लिए अपने घर जाने पर विचार कर सकते हैं। घरों के लिए निकलते समय उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अपने कमरों में ताला लगा दें और संबंधित वार्डन को सूचित करें।
एडवाइजरी में कहा है कि हॉस्टल, डाइनिंग हॉल, लाइब्रेरी, रसोई जैसे बड़े स्थल खतरे के लिए अतिसंवेदनशील होते हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण एहतियातन पहले ही प्रशासन ने 31 मार्च तक कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। लाइब्रेरी, कैंटीन जैसे स्थानों को भी एहतियात के तौर पर बंद किए जाने की संभावना है।