जीटी रोड पर तीसरे दिन भी भीषण जाम
- फोटो : अमर उजाला
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ रोड (एनएच-58) पर बीते 22 जुलाई से भारी वाहनों का डायवर्जन हो चुका है। डायवर्जन प्लान के तहत मेरठ रोड को वन-वे करते हुए 25 जुलाई से रोडवेज बसों तथा हल्के वाहनों को भी डायवर्ट करना था, लेकिन अभी तक गाजियाबाद की सीमा में कांवड़ियों का प्रवेश न होने पर फिलहाल रोडवेज बसों व हल्के वाहनों को राहत दी गई है। आने वाले एक-दो दिनों तक हाइवे टू-वे रहेगा। साथ ही शुक्रवार तक हल्के वाहनों का डायवर्जन टालते हुए रोडवेज बसों को भी मेरठ रोड पर जाने की अनुमति रहेगी।
शुक्रवार से हल्के वाहनों का यह डायवर्जन संभव
- गाजियाबाद- मेरठ के बीच वाहन एक ही लेन में आ जा सकेंगे। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर 31 जुलाई की रात तक मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
- प्रतिबंधित अवधि में हल्के वाहन भी भारी वाहनों के लिए निर्धारित रूट पर चलेंगे।
- 24 से 31 जुलाई तक मुरादनगर पाइप लाइन व टीला मोड लोनी के बीच आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
शुक्रवार को बन जाएंगे दो अस्थायी बस अड्डे
रोडवेज व निजी बसों की शहर में एंट्री रोकने को लालकुआं एवं हापुड़ चुंगी के पास सीजीओ कॉम्पलेक्स के मैदान में अस्थाई बस अड्डा बनेगा। बुलंदशहर से आने वाली बसें लालकुआं से संचालित होंगी। शुक्रवार से इन्हीं अस्थायी बस अड्डों से बसों का संचालन होगा।