शुक्रवार को हुई बारिश ने नगर पालिका प्रशासन की पोल खोल कर रख दी। पानी निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा शहर टापू में तब्दील हो गया। पुरानी अनाज मंडी सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होने के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई और पानी साथ बने घरों व दुकानों में घुस गया। विजय चौक, नई अनाज मंडी, लखपत चौक सहित विभिन्न जगहों पर भी जलभराव हो गया। जिसकी वजह से लोगों को भारी परेशानी से जूझना पड़ा।
नगर पालिका के अधिकारी व पार्षदों की एक बैठक उपायुक्त व विधायक के साथ नाले व नालियों की सफाई को लेकर गत शनिवार को हो चुकी है। जिसमे डीसी ने सफाई के निर्देश दिए थे। लेकिन इसके बाद भी नगर में सफाई नही हो पाई। जिसका खामियाजा शुक्रवार को हुई तेज बरसात के कारण लोगों को उठाना पड़ा।
कस्बे में पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। बरसात के कारण जगह-जगह जलभराव हो गया। जिसकी वजह से कस्बेवासियों के साथ-साथ आने जाने-वाले राहगीर व वाहन चालकों को भारी जहमत उठानी पड़ी। पानी घरों व दुकानों में घुस गया।
मुकुट गोयल, राजू, अमानत अली, सुनील, सेवाराम, त्रिलोक ,सीमा, सुशीला, कविता, दिव्या का कहना है कि कस्बे के सभी छोटे बडे़ नाले सफाई नहीं होने के कारण गंदगी से अटे हुए हैं। इसकी वजह से जगह जगह पानी जमा हो गया है। पूर्व मंडल अध्यक्ष हरभगवान सिंह बिल्ला ने बताया की पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते विभिन्न स्थानों पर जल भराव हो गया। उन्होंने बताया कि विजय चौक पर नाले व नालियों के अवरुद्ध होने के कारण तालाब का रूप धारण कर लिया और पानी मकानों में घुस गया। इसके बाद जेसीबी मशीन से नाले को तोड़कर पानी निकालने का प्रयास नपा ने किया।