इससे पहले, मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मिंटो ब्रिज, विजय चौक, मोती बाग फ्लाईओवर, रफी मार्ग और निजामुद्दीन फ्लाईओवर सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पूर्वानुमान में बारिश के साथ आंधी-तूफान की बात कही गई थी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बारिश में चलती बाइक पर पेड़ गिरा, पिता की मौत, बेटी घायल
कालकाजी इलाके में बारिश के दौरान बाइक से जा रहे पिता-पुत्री पर पेड़ गिर गया। हादसे में तुगलकाबाद निवासी सुधीर कुमार (50) बाइक चला रहे पिता की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप घायल हो गई। पेड़ के नीचे एक कार समेत अन्य वाहन भी दब गए। इस हादसे के बाद यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। सीसीटीवी फुटेज में पूरे हादसे को देखा जा सकता है। हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9:50 बजे कालकाजी के पारस चौक के पास एचडीएफसी बैंक के सामने सड़क के किनारे लगा पुराना नीम का पेड़ पहले से झुका हुआ था। जो अचानक गिर गया। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार तुगलकाबाद निवासी सुधीर कुमार (50) और उनकी बेटी प्रिया (22) दोनों उसकी चपेट में आ गए। पुलिस के अनुसार, सुधीर पुरानी दिल्ली स्थित डीयूएसआईबी रैन बसेरे में केयरटेकर थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नीम का पेड़ काफी पुराना है और उसकी जड़ें खोखली हो चुकी थीं।
आतिशी ने सीएम को लिखा पत्र, पीडब्ल्यूडी मंत्री के इस्तीफे की मांग
कालकाजी हादसे के बाद आम आदमी पार्टी ने रेखा सरकार पर हमला बोला है। पूर्व सीएम आतिशी ने पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग कर दी। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता को पत्र लिखा है। आतिशी ने कहा, 'भाजपा की 4 इंजन सरकार की नाकामी से दिल्ली में जानलेवा हादसा। बरसात में रविदास मार्ग पर पेड़ गिरने से बाइक चालक की मौत हो गई है। पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश वर्मा को तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए। क्यों नहीं हुई बरसात की तैयारी?'
स्वतंत्रता दिवस पर भी दिल्ली में होगी बारिश
राजधानी में स्वतंत्रता दिवस पर बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में मौसम खुशनुमा रहेगा। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार को अलग-अलग हिस्सों में एक हफ्ते तक हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 व 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गुरुग्राम में बारिश से बदला मौसम मिजाज, जलभराव की समस्या
गुरुग्राम में तड़के सुबह हुई तेज बारिश से जिले का मौसम सुहावना हो गया और तीन डिग्री की तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में 44 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि, बारिश ने जहां गर्मी और उमस से राहत दी। वहीं, शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित और वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।