हर दिन बढ़ती गर्मी के बीच दिल्ली-एनसीआर का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। 13 अप्रैल से पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से मौसम विभाग बिन मौसम बारिश की संभावना जता रहा है। इसकी जद में दिल्ली-एनसीआर का पूरा इलाका होगा। इसके बावजूद तापमान में गिरावट आने का अनुमान नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार की तरह रविवार को भी आसमान में हल्के बादल रहेंगे, लेकिन उत्तर पश्चिम से दिल्ली-एनसीआर में पहुंचने वाली हवाओं की रफ्तार तेज होगी। 13 अप्रैल को हवा की दिशा पश्चिमी होने से बारिश का अनुमान है। इसके बाद हफ्तेभर मौसम साफ रहेगा।
दूसरी तरफ, इस बीच तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी होगी। अधिकतम तापमान शनिवार के 36 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 15 अप्रैल को 40 डिग्री से पार चले जाने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान भी रविवार को इस सीजन में पहली बार 20 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन में इसके 22-24 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान लगाया है। तापमान में होने वाली बढ़ोत्तरी से अगले हफ्ते की गर्मी दिल्ली-एनसीआर को परेशान करेगी।