पंडारा पार्क स्थित सरकारी बंगले से बेदखली से जुड़ा है मामला, सीमा राज को उनके सेवा कार्यकाल में आवंटित था बंगला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पटियाला हाउस कोर्ट ने कांग्रेस नेता उदित राज की पत्नी सीमा राज की बेदखली के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई की तारीख आगे बढ़ा दी है। अब यह मामला 12 नवंबर को सुना जाएगा।
अदालत में सीमा राज के वकील ने कहा कि उन्हें उचित आवेदन दाखिल करने के लिए कुछ समय चाहिए। इसे देखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चांदना ने अगली तारीख तय की। यह मामला पंडारा पार्क स्थित सरकारी बंगले से बेदखली से जुड़ा है, जो सीमा राज को उनके सेवा कार्यकाल में आवंटित था। वे एक सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी हैं।
यह अपील सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत अधिभोगियों की बेदखली) अधिनियम के तहत दायर की गई है। अदालत को संपदा निदेशालय की ओर से यह भी बताया गया कि संबंधित बंगला पहले ही खाली कराया जा चुका है। इससे पहले, 24 अक्तूबर को उदित राज ने आरोप लगाया था कि अधिकारियों ने उनके परिवार को जबरन बंगले से निकाल दिया, जबकि मामला अभी अदालत में लंबित था।