आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। न्यू सीलमपुर में गंदगी और ओवरफ्लो नालियों की समस्या से लोग परेशान हैं। इलाके में कहीं सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे हैं, तो कहीं नालियों का गंदा पानी बाहर फैल रहा है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने समस्याएं उठाते हुए सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई स्थानों पर नियमित सफाई नहीं होने से कूड़ा जमा रहता है। वहीं, नालियों की सफाई नहीं होने और उनके अवरुद्ध होने से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में फैल जाता है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। लंबे समय तक गंदगी और पानी जमा रहने से दुर्गंध की समस्या भी बढ़ जाती है।
न्यू सीलमपुर के आरडब्ल्यूए महासचिव राशबिहारी यादव ने बताया कि रिहायशी इलाके में कूड़े के ढेर और ओवरफ्लो नालियां स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से नियमित सफाई कराने और नालियों की समस्या का समाधान करने की मांग की है।