केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आदेश पर दिल्ली सरकार ने कोविड उपचार में जुटे स्वास्थ्य कर्मचारियों को तनाव मुक्त कराने के लिए इहबास अस्पताल में टेली काउंसलिंग की सेवा शुरू की है। दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन, दिल्ली मेडिकल काउंसिल, प्राइवेट अस्पताल और दिल्ली साइक्रिटिक सोसायटी के संयुक्त सहयोग से यह सेवा शुरू की गई है।
यहां के वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक फोन के जरिए स्वास्थ्य कर्मचारी या अन्य कोरोना योद्घाओं की परेशानी को दूर कर सकेंगे। बुधवार को दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव ने आदेश जारी करते हुए बताया कि 9868396802 या 9868396859 पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक सोमवार से शनिवार संपर्क किया जा सकता है।
दरअसल दो दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहली बार तमाम अधिकारियों के साथ दिल्ली सरकार के सबसे बड़े लोकनायक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान अमित शाह ने बैठक खत्म होने के बाद स्वास्थ्य कर्मचारियों से भी मुलाकात की थी। इसी बीच उन्होंने कोरोना योद्घाओं को तनाव मुक्त रखने के लिए मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग को तत्काल शुरू करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद दिल्ली सरकार ने इहबास अस्पताल के साथ मिलकर यह सेवा शुरू की है।