गाजियाबाद की एक दवा कंपनी की ओर से बनाए गए टीका में पोलियो टाइप-2 विषाणु मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने जांच का आदेश दिया है। दूसरी तरफ, आरोपी कंपनी बायोमेड प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में केंद्रीय दवा नियामक ने प्राथमिकी दर्ज की है। यह कंपनी सिर्फ सरकार की ओर से संचालित टीकाकरण कार्यक्रम के लिए टीका तैयारी करती थी। मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश सरकार और महाराष्ट्र सरकार को भी अलर्ट कर दिया है।
ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने अगले आदेश तक कंपनी में दवा का उत्पादन, बिक्री और मार्केटिंग पर रोक लगा दी है। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि कंपनी में पांच निदेशक हैं। प्रबंध निदेशक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य निदेशकों का पता लगा रही है।
उधर, स्वास्थ्य मंत्रालय के एक सूत्र बताते हैं कि यह मामला तब प्रकाश में आया, जब उत्तर प्रदेश से निगरानी रिपोर्टों में कुछ बच्चों के मल के नमूनों में विषाणु के संकेत मिले। इसके तत्काल बाद दवा को जांच के लिए भेजा गया, जिसमें इस बात की पुष्टि हुई कि टीके में कुछ टाइप 2 विषाणु हैं।