अखिलेश सरकार के मंत्री अपनी जुबान पर काबू नहीं रख पा रहे हैं। एक दिन पूर्व ही बांदा जिले में शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल का एक छात्रा से बदजुबानी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हो पाया था कि शनिवार को गाजियाबाद में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अहमद हसन ने आशाओं को दलाल बता दिया।
इसके बाद आशाओं ने जबरदस्त विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। मामला बढ़ता देख मंत्री चुपचाप खिसक लिए।
यूपी के स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन शनिवार दोपहर गाजियाबाद हरसांव स्थित पुलिस लाइंस में 102 एबुंलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाने पहुंचे थे। इसी बीच आशाओं ने खुद के नियमितीकरण और वेतन की मांग को लेकर आशाएं मंच पर पहुंच गईं।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह कहकर मांग ठुकरा दी कि कुछ आशाएं दलाली का काम करती हैं ऐसे में आशाओं को नियमित कैसे किया जा सकता है। मंत्री के इस बयान पर आशाएं भड़क उठीं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आशाओं को भड़कता देख अहमद हसन कार्यक्रम से निकल गए।